Betul Samachar : पुल पर रेलिंग नहीं होने के कारण मोटरसाइकिल सहित युवा गिरा नदी में
शाहपुर, (आशीष राठौर)। नेशनल हाईवे पर बने पुराने माचना पुल पर सुरक्षा के लिए रेलिंग नहीं होने के कारण मंगलवार को एक मोटरसाइकिल सवार नदी में गिर गया। बताया जाता है कि बांका निवासी गौरीशंकर उईके कोटमी से बांका जा रहा था।
अचानक गाड़ी स्लिप हो गई जिसके कारण गाड़ी सहित वह पानी में गिर गया। लोगों की मदद से उसे मोटरसाइकिल सहित नदी से बाहर निकाला गया। पुल पर सुरक्षा के लिए रेलिंग की मांग कई दिनों से लोग कर रहे हैं लेकिन हाईवे द्वारा ना तो पुल का समतलीकरण कराया गया और ना ही रेलिंग लगाई गई।
जिसके कारण दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। पिछले दिनों एक दंपति अपने चार साल के बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा था गड्ढे में गाड़ी स्लिप हो जाने के कारण चोटिल हो गए थे। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं को लेकर एसडीएम द्वारा हाईवे के अधिकारियों से चर्चा की गई लेकिन हाईवे के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि अभी टेंडर लगे हुए हैं।

देखें वीडियो
पिछले दिनों शांति समिति के बैठक में भी स्थानीय लोगों द्वारा इस मुद्दे को उठाया गया था। इस संबंध में विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह ने भी कलेक्टर के संज्ञान में यह मामला लाया था।तब एसडीएम द्वारा लोगों की परेशानियों को देखते हुए ठेकेदार को कहा गया ठेकेदार द्वारा पुल के गढ़ढो को भरने का कार्य किया गया।
