विश्वमांगल्य सभा की नवगठित कार्यकारिणी का प्रशिक्षण वर्ग संपन्न
बैतूल। विश्वमांगल्य सभा की बैतूल एवं बैतूलबाजार नगर की नवगठित कार्यकारिणी का एक दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग अग्रसेन विद्यालय गंज में संपन्न हुआ। जिसमें विभिन्न सत्रों के माध्यम से दोनों स्थानों की कार्यकारिणी के कार्यकर्ताओं ने कार्य के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। जिसमें प्रमुख रूप से विश्वमांगल्यसभा शाखा बैतूल की अध्यक्षा डॉ.विजेता चौबे द्वारा विश्वमांगल्यसभा के कार्यों एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया। विश्वमांगल्य सभा की मप्र एवं छग की प्रांत संगठन मंत्री पूजा पाठक द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया।

जिसमें विशेष कृति सत्र द्वारा कार्य के लिए संपर्क करते समय आने वाली कठिनाइयों पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में अतिथी के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बैतूल के नगर संघचालक रमेश बोरखड़े द्वारा कार्यकर्ताओं को आगामी कार्य हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही अग्रसेन विद्यालय के संचालक अनिल राठौर द्वारा कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं प्रेषित की।
