Betul Samachar : बरेठा घाट में ट्रक कटिंग की सहयोगी आरोपिया को गिरफ्तार कर भेजा जेल
बैतूल। थाना शाहपुर द्वारा बरेठा घाट में ट्रक कटिंग की सहयोगी आरोपिया को गिरफ्तार कर जेल भेजा। प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 सितंबर को फरियादी अंकुश राठौर, निवासी भौंरा ने शिकायत दर्ज करवाई कि ड्राइवर कमलेश ने सिहोर से दोपहर 2 बजे आयशर गाड़ी में लहसुन के कट्टे भरकर बैतूल के लिए प्रस्थान किया था। रात करीब 11:30 बजे वह बरेठा घाट पहुंचा। बरेठा घाट में मंदिर के सामने चढ़ाई पर कमलेश को साइड मिरर में दिखा कि कोई अज्ञात व्यक्ति ट्रक पर चढ़ रहा है। कमलेश ने गाड़ी रोककर ऊपर चढ़कर देखा तो एक व्यक्ति ट्रक पर चढ़ा हुआ था। जब कमलेश ने पूछा कि वह कौन है और गाड़ी पर क्यों चढ़ा है, उसी समय चार अन्य लोग पास आ गए। इनमें से एक व्यक्ति सांवले रंग का था, सामान्य कद-काठी का, जिसकी ऊंचाई लगभग 5.5 फीट थी और उसके बाल खड़े थे।
ट्रक पर चढ़े व्यक्ति ने चाकू दिखाया, और उसके चार साथी गाड़ी के सामने आकर खड़े हो गए। उनमें से एक व्यक्ति के हाथ में भी चाकू था और वह कमलेश को धमकाने लगा, कहते हुए कि चुपचाप रहो, नहीं तो जान से मारकर खाई में फेंक देंगे। ट्रक पर चढ़ा व्यक्ति लहसुन के कट्टे नीचे गिराने लगा। डर के कारण कमलेश तुरंत गाड़ी लेकर वहां से भाग गया। घाट चढ़ने के बाद उसने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी और घटना की जानकारी अपने जीजा मुकेश राठौर को दी। बैतूल में गाड़ी खाली करने पर उसमें से 3 कट्टे लहसुन कम निकले, जिनका वजन कुल 135 किलो था। लहसुन की अनुमानित कीमत लगभग ₹37,800 थी। उक्त रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 346/24 धारा 305(C), 307, 111 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया है और अग्रिम जांच शुरू की गई।
वही जांच के दौरान आरोपी छोटेलाल परते, निवासी भक्तनढाना से पूछताछ की गई। उसने बताया कि कुछ दिन पहले उसने राजकुमार, राकेश, हेमू, और टिल्ला के साथ मिलकर बरेठा घाट में ट्रक से दो बोरे लहसुन, दो बोरे आलू, तीन बोरे चावल और साइकिल के टायर का बड़ा बंडल चोरी किया था। चोरी का सामान राजकुमार ने पिकअप में ले जाकर अपनी मां अन्नू बाई के साथ मिलकर घर में रखा, और इसे बेचने की योजना बनाई। चोरी से मिले पैसों को आधा खुद रखकर घर के खर्चे में उपयोग किया और बाकी पैसे साथियों में बांट दिए। छोटेलाल के घर से चोरी का लहसुन जब्त किया गया और उसे तथा अन्नू बाई को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया। अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक सोनम साहू, सहायक उपनिरीक्षक सुनील कैथवास, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह साध, प्रधान आरक्षक सेवलाल कलमे, आरक्षक नीरज पांडे, आरक्षक विनय प्रताप, आरक्षक शुभम, महिला आरक्षक संध्या ने सराहनीय भूमिका निभाई।
