माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) की 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों को तीन विषयों में बोनस अंक दिए जाएंगे। इसका निर्णय माशिम में सोमवार को हुई अकादमिक विशेषज्ञों की बैठक में लिया है।
12वीं के विद्यार्थियों को इन विषय में मिलेंगे बोनस अंक
12वीं में भौतिकी विषय में एक बहुविकल्पीय सवाल में चार विकल्प में से एक सही होना था तो दो सही दे दिए गए थे। वहीं दो अंक का सत्य व असत्य वाला सवाल पाठ्यक्रम से बाहर का था और दो अंक का एक सवाल ब्लूप्रिंट से बाहर का था। इसी तरह हिंदी विषय में एक अंक का सवाल ब्लू प्रिंट में उल्लेखित नहीं था।

10वीं के विद्यार्थियों को इस विषय में मिलेगा बोनस अंक
10वीं हिंदी में दो अंक के सवाल में कवि के नाम का उल्लेख नहीं किया गया था। मंडल ने निर्णय लिया है कि अगर कोई भी विद्यार्थी किसी भी कवि का नाम लिखेगा तो उसे दो अंक बोनस के दिए जाएंगे।
