गणतंत्र दिवस समारोह मनाये जाने के संबंध में बैठक संपन्न
पुलिस ग्राउंड में आयोजित होगा ध्वजारोहण का मुख्य कार्यक्रम
छिन्दवाड़ा, (दुर्गेश डेहरिया)। जिले में गणतंत्र दिवस समारोह मनाये जाने के संबंध में कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक संपन्न हुई। बैठक में पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस मनाये जाने के संबंध में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के संबंध में चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और तदनुरूप अधिकारियों को विभिन्न दायित्व सौंपे गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय पांडे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर के.सी. बोपचे, संयुक्त कलेक्टर ज्योति ठाकुर, जिला जेल अधीक्षक, डीएसपी यातायात व रक्षित निरीक्षक सहित सभी विभागों के प्रमुख एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर सिंह ने कहा कि इस वर्ष भी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह पूरे जिले में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जायेगा। सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व के अनुसार सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से ही कर लें। शासन द्वारा जारी गाइड लाइन के अनुसार ही जिले में गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों में प्रात: 7:30 बजे और कलेक्टर कार्यालय में प्रात: 8 बजे ध्वजारोहण किया जायेगा। इसके बाद प्रातः 8:45 बजे मुख्यालय के सभी शासकीय अधिकारी व कर्मचारी मुख्य कार्यक्रम स्थल पुलिस परेड ग्राउंड पर अनिवार्यतः उपस्थित रहें। जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य कार्यक्रम स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड पर प्रातः 9 बजे से आयोजित किया जाएगा।
मुख्य कार्यक्रम के लिए मंच, पंडाल व्यवस्था, परेड, बैंड की व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, मैदान की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, ग्राउंड सुधार, शामियाना, बैनर, होर्डिंग आदि की व्यवस्था, पुरस्कार, सांस्कृतिक कार्यक्रम, परेड, व्यायाम प्रदर्शन, झांकियों का प्रदर्शन, उद्घोषणा, माईक, ध्वनि विस्तारक यंत्र व जनरेटर की व्यवस्था, गमले, पेयजल, मिष्ठान्न वितरण, रंगोली, आमंत्रण पत्र मुद्रण व वितरण, गुब्बारा, यातायात व्यवस्था, ध्वज व पुष्पों की व्यवस्था, जिप्सी, वीआईपी वाहन व्यवस्था, एम्बुलेंस एवं अन्य कार्यो के लिये संबंधित विभाग आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दें। संपूर्ण व्यवस्था के प्रभारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अतिरिक्त कलेक्टर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक होंगे।
मुख्य कार्यक्रम में 15 विभागों द्वारा विभागीय विकास गतिविधियों को दर्शाते हुए झांकियां लगाई जाएंगी। कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए कि सभी झाकियों की थीम अभी से निर्धारित कर लें और अच्छी गुणवत्ता व अच्छे कॉन्सेप्ट के साथ झांकियां तैयार कराएं। इनमें शासन की बड़ी योजनाओं, स्टेट अथवा नेशनल लेवल पर विभाग के अचीवमेंट का प्रदर्शन भी शामिल किया जा सकता है। विभाग प्रमुख अच्छा कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारियों के नाम 20 जनवरी तक उपलब्ध करायें।
इनमें राज्य अथवा राष्ट्रीय स्तर पर कोई उपलब्धि हासिल करने वाले शासकीय सेवकों को अनिवार्य रूप से शामिल करें। फील्ड में और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने वाले अमले का नाम भी दें। पुरुस्कार के लिए सभी को मौका दें, जिससे पुरुस्कार की गरिमा व महत्ता बनी रहे, साथ ही दूसरे शासकीय सेवक भी प्रेरित हों। उन्होंने मुख्य कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित करने के निर्देश भी दिये। साथ ही जिले भर में ध्वज संहिता का पूरी तरह पालन करते हुए ध्वजारोहण सुनिश्चित कराने और गणतंत्र दिवस के अवसर पर रात्रि में शासकीय भवनों एवं ऐतिहासिक इमारतों में रोशनी करने के निर्देश भी दिये ।

कलेक्टर सिंह ने बताया कि परेड का पूर्वाभ्यास 12 जनवरी से प्रारंभ हो जायेगा। इसमें सम्मिलित होने वाले सभी दल 12 जनवरी से ही फुल स्ट्रेंथ और फुल ड्रेस अप के साथ रिहर्सल के लिए उपस्थित रहें। अंतिम पूर्वाभ्यास 24 जनवरी को प्रातः 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिये हैं कि इस कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों को भी आमंत्रित करें और अधिकारी, कर्मचारी भी उपस्थित रहें। उन्होंने कार्यक्रम की सभी समुचित व्यवस्थायें समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये।
