सड़क सुरक्षा में लापरवाही पर सख्त कदम: पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश
बैतूल। पुलिस अधीक्षक बैतूल निश्चल झारिया ने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े ट्रकों और वाहनों का मेंटेनेंस करने वाले मैकेनिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। इसके तहत, कल वायपास क्षेत्र में सड़क पर ट्रक खड़े कर काम करने वाले मैकेनिकों के टूल्स जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई उन लोगों के खिलाफ की गई है, जो सार्वजनिक सड़क पर वाहन खड़ा करके और उसकी मरम्मत का कार्य करके सड़क सुरक्षा को खतरे में डालते हैं।
गौरतलब है कि पूर्व में भी संबंधित मैकेनिकों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की चेतावनी और समझाइश दी जा चुकी है। फिर भी, इस प्रकार की गतिविधियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया कि ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
सड़क किनारे वाहनों की मरम्मत करते हुए ट्रक और अन्य भारी वाहन खड़े करने से आम नागरिकों और राहगीरों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न होता है। इससे सड़क पर यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की संभावना भी बढ़ जाती है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि सड़क पर यातायात की सुगमता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

जनता से अपील की जाती है कि सड़क सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि के बारे में नजदीकी पुलिस थाने में सूचित करें। सड़क सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है और इसे सुनिश्चित करने में सभी नागरिकों का योगदान आवश्यक है।
