शांतिपुर को मिला स्वच्छ विद्यालय का राज्य स्तरीय पुरस्कार
बैतूल। स्वच्छ भारत, स्वच्छ विद्यालय, के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक शाला शांतिपुर दो विकासखंड घोड़ाडोंगरी को वर्ष 2021 22 के लिए राज्य स्तरीय स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार प्रदान किया गया। पुरस्कार अंतर्गत शाला को फाइव स्टार वेडिंग प्राप्त हुई। शाला के प्रधान पाठक संतोष जोठे को यह पुरस्कार गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला कलेक्टर बैतूल एवं सांसद दुर्गा दास उइके, आमला विधायक श्रीमान योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार के द्वारा प्रदान किया गया। जिले में सत्र 2021-22 में यह पुरस्कार प्राप्त करने वाला शांतिपुर विद्यालय एकमात्र विद्यालय है।

शाला के प्रधान पाठक द्वारा बताया गया कि शाला में सभी के प्रयास से स्वच्छता के सभी मापदंडों को पूरा करने का प्रयास किया जाता है जिसके अंतर्गत शाला परिसर को साफ स्वच्छ रखना, शौचालय की नियमित सफाई, जल निस्तारण की उचित व्यवस्था एवं बच्चों को स्वच्छ पेयजल दिया जाता है। इसके लिए शाला के सभी शिक्षकों के द्वारा अपने वेतन से एक कर्मचारी की नियुक्ति भी की गई है। शाला को पुरस्कार प्राप्त होने पर शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी द्वारा प्रसन्नता जाहिर की गई एवं शाला परिवार को बधाइयां प्रेषित की गई।
