“मैं हु अभिमन्यु अभियान” के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित
बैतूल। घोड़ाडोंगरी के मुख्य बस स्टैंड में “मैं हु अभिमन्यु अभियान” के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक आम्रपाली द्वारा लोगों को महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं, जिससे जनता में जागरूकता फैलाई जा सके।
इसके साथ ही, शासकीय महाविद्यालय घोड़ाडोंगरी के छात्रों और छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया, जिससे लोगों को सामाजिक मुद्दों के प्रति संवेदनशील और जागरूक बनाया गया। नुक्कड़ नाटक में दीपक साहू, राजकरण भलावी, अमित उईके, आकांक्षा तुमड़ाम, स्नेहा खातरकर और रौशनी धुर्वे ने भाग लिया और अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से दर्शकों को प्रभावित किया। कार्यक्रम में लगभग 40-50 लोग उपस्थित थे और सभी ने इस आयोजन को सराहा।
वही इसी प्रकार पुलिस अधीक्षक बैतूल, निश्चल झारिया के निर्देशानुसार, बैतूल पुलिस द्वारा “मैं हूँ अभिमन्यु” अभियान के पांचवे दिन, 7 अक्टूबर को विभिन्न पुलिस थानों और चौकियों ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
थाना बैतूल बाजार स्टाफ ने नव युवक दुर्गा मंडल बाजार चौक पहुँचकर समिति के सदस्यों को पंपलेट और पोस्टर वितरित किए। उन्होंने बैनर के माध्यम से अभियान की जानकारी दी।
चौकी प्रभारी मासोद और स्टाफ ने मासोद के साप्ताहिक हाट बाजार में आए नागरिकों को महिलाओं के प्रति सहयोग, सम्मान और समानता के बारे में जागरूक किया। उन्होंने पंपलेट्स और बैज वितरित किए और समाज में महिलाओं से जुड़ी पुरानी कुरीतियों और रूढ़िवादिता को समाप्त करने की जानकारी दी।

चौकी प्रभारी घोड़ाडोंगरी और स्टाफ ने शासकीय महाविद्यालय घोड़ाडोंगरी के छात्र-छात्राओं की मदद से मुख्य बस स्टैंड में नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया। थाना कोतवाली पुलिस स्टाफ ने 6 अक्टूबर की रात लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित आनंदम गरबे के दौरान उपस्थित लोगों को शॉर्ट फिल्म दिखाकर “मैं हूँ अभिमन्यु” अभियान का प्रचार-प्रसार किया।
