बैतूल, आठनेर एवं मुलताई की क्लस्टर पंचायतों में 16 जून को आयोजित होंगे प्लांट क्लीनिक
किसानों को दी जाएगी खरीफ फसलों की तैयारी की जानकारी
बैतूल। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा 16 जून शुक्रवार को जिले की बैतूल, आठनेर एवं मुलताई विकास खण्ड की क्लस्टर पंचायतों में प्लांट क्लीनिक आयोजित किये जाएंगे। जिनमें प्लांट क्लीनिक दलों के द्वारा किसानों को खरीफ बुआई, बीजों का चयन, बीजोपचार, कल्चर का उपयोग, बीजों की उन्नत किस्में, उर्वरकों का संतुलित उपयोग, जैविक खाद का महत्व, फसल विविधीकरण की उपयोगिता, कीट एवं रोगों के लक्षण व निदान सहित मृदा स्वास्थ्य परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरकों का उपयोग करने की सलाह दी जाएगी। इसके अलावा किसानों को एमपी किसान एप पर रजिस्ट्रेशन करवाने, पशुओं के रखरखाव एवं रोग नियंत्रण सहित उद्यानिकी व मत्स्य विभाग की योजनाओं की जानकारी और समसामयिक की सलाह भी दी जाएगी।
उपसंचालक कृषि रामगोपाल रजत ने बताया कि उक्त प्लांट कलीनिक 16 जून को प्रात: 10 बजे से विकासखण्ड बैतूल के ग्राम साकादेही, विकासखण्ड आठनेर के ग्राम मेंढाछिंदवाड़, विकासखण्ड मुलताई के ग्राम डहूआ में आयोजित होंगे।

अपरान्ह दो बजे की पाली में विकासखण्ड आठनेर के ग्राम केलबेहरा एवं विकासखंड मुलताई के ग्राम दुनावा में प्लांट क्लीनर आयोजित होंगे। प्लांट क्लीनिक दलों में कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक, कृषि अधिकारी, उद्यानिकी अधिकारी, मत्स्य विभाग के अधिकारी एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौजूद रहकर किसानों को आवश्यक सलाह देंगे।
