शासन की सद्बुद्धि के लिए पेंशनर्स ने 10 मिनट का रखा मौन
बैतूल। विद्युत मंडल पेन्शनर संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर कैम्पन हाउस लिंक रोड बैतूल में पेन्शनर द्वारा 9 सूत्रीय मांग को लेकर सोमवार को धरना प्रदर्शन दिया और मुख्यमंत्री व ऊर्जा मंत्री मप्र शासन भोपाल के नाम महाप्रबंधक मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड को ज्ञापन सौंपा।
धरना स्थल पर मुख्यमंत्री व समस्त मंत्री मंडल के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की गई। कार्यकारी अध्यक्ष भिक्कू प्रसाद धामोंडे द्वारा गायत्री मंत्र द्वारा कार्यक्रम शुभारंभ किया गया एवं मप्र के कर्मचारियों व पेंशनरो के हितों का ध्यान रखते हुए निर्णय ले इसके लिए 10 मिनट का सद्बुद्धि मौन रखा गया। धरना स्थल पर अमृत सूर्यवंशी, भरत मालवीय, लक्ष्मण बारसकर, प्रकाश मांडवे, वीके सोनी आदि ने संबोधित किया।

कार्यक्रम का संचालन सचिव एमएम अंसारी और आभार आरडी यादव द्वारा व्यक्त किया गया। धरना स्थल पर निम्बा वराठे, दिलीप श्रीवास, ललित सिसोदिया, प्रेमलाल पवार, श्री मित्रा, कामाशिव, अमृत खाण्डवे, सरस्वती खाडवे, शीला मालवी सहित दो सैंकड़ा पेंशनर शामिल हुए।
