भारत जोड़ो यात्रा के यात्रियों का सम्मान
मध्य प्रदेश से रितिक सिंह चौहान का किया गया सम्मान
दिल्ली स्थित संविधान क्लब में किया गया आयोजन
जुन्नारदेव, (दुर्गेश डेहरिया)। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं युवा नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में गत 7 सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक भारत के दक्षिणी छोर कन्याकुमारी से श्रीनगर तक भारत जोड़ों यात्रा का आयोजन किया गया था। इस वृहद आयोजन में देशभर के लाखों निष्ठावान एवं समर्पित कांग्रेसजनों का समावेश था। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से युवा कांग्रेस नेता रितिक सिंह चौहान का प्रतिनिधित्व भी रहा था।
गत दिनों दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब आफ इंडिया में भारत जोड़ो यात्रा के चुनिंदा यात्रियों का सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। इस गौरवपूर्ण आयोजन में छिंदवाड़ा जिले एवं मध्यप्रदेश की ओर से नगर के युवा कांग्रेस नेता रितिक सिंह चौहान को आमंत्रित किया गया था। इनका सम्मान कार्यक्रम के मुख्य आयोजक तारिक अनवर (महासचिव, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस) एवं सुश्री अलका लांबा (राष्ट्रीय प्रवक्ता) द्वारा सम्मानित किया गया। उन्हें इस मौके पर दुपट्टा एवं पगड़ी पहनाकर सम्मानित कर उन्हें भारत जोड़ों यात्रा की शील्ड एवं मैडल प्रदान किया गया। इस मौके पर कारगिल युद्ध के प्रमुख योद्धा एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दीपचंद एवं बिग बॉस की तेलुगू संस्करण की विजेता एवं भारत जोडो यात्रा में सहयोगी रही कृतिका व कन्हैया कुमार विशेष रूप से उपस्थित थे।

दिल्ली के संविधान क्लब में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं के द्वारा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में अपने अपने संस्मरण सुनाए गए। इसी अवसर पर भारत जोड़ो यात्रा के अगले चरण के शुरुआत करने की घोषणा भी की गई। अब यह भारत जोड़ो यात्रा अपने दूसरे चरण में देश के पश्चिमी भाग से शुरू होकर पूर्व की ओर समाप्त होगी।
