सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
बैतूल। पुलिस अधीक्षक बैतूल निश्छल एन. झारिया के निर्देशन में सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात पुलिस बैतूल द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 8 जनवरी को तिरुपति सोनालिका ट्रैक्टर शोरूम के सहयोग से ग्रामीण अंचल के किसानों के लिए एक विशेष यातायात जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में किसानों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए उन्हें बताया गया कि धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में ट्रैक्टर-ट्राली से सवारियों का परिवहन करना कानूनी दृष्टि से गलत और दुर्घटनाओं का मुख्य कारण हो सकता है। साथ ही किसानों से अपील की गई कि वे एक ट्रैक्टर के पीछे दो ट्रालियों का उपयोग न करें, क्योंकि इससे सड़क पर दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल जी ने किसानों से ट्रैक्टर-ट्राली पर रेडियम लगवाने और ट्रैक्टर-ट्राली का बीमा कराने की अपील की। उन्होंने किसानों को यह भी समझाया कि सड़क पर सुरक्षित परिवहन के लिए यह आवश्यक है।
यातायात प्रभारी गजेंद्र केन ने कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को निशुल्क रेडियम लगवाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही, पंपलेट के माध्यम से यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही साइबर सेल के उपनिरीक्षक नवीन सोनकर एवं दीपेंद्र के द्वारा साइबर जागरूकता अभियान के तहत आवश्यक जानकारी दी जाकर पंपलेट का वितरण किया गया।

इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में तिरुपति सोनालिका ट्रैक्टर शोरूम के संचालक मुनि दीक्षित एवं अमित अवस्थी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह जागरूकता अभियान सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात पुलिस बैतूल की ओर से उठाया गया एक सराहनीय कदम है।
