Sarni Samachar : सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने हुई बैठक, पहले ही दिन दिखा असर
सारनी। थाना सारनी में गुरुवार ट्रांसपोर्टरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें काली माई से पाथाखेड़ा तिराहा तक सड़क के किनारे खड़े वाहनों की समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक निश्चल एन झरिया के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस बैठक में ट्रांसपोर्टरों ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए स्वेच्छा से अपने वाहनों को हटाकर पुराना कांटा काली माई में खड़ा करने की सहमति जताई।
इस पहल का असर पहले ही दिन देखने को मिला। सड़क के किनारे खड़े लगभग 60 प्रतिशत वाहनों को हटा दिया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शेष वाहनों को भी शुक्रवार तक हटा लिया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है और इस दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस प्रयास से सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और यातायात सुगम होगा। इस पहल की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।
