राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने जिले के तामिया विकासखंड की ग्राम पंचायत छिंदी में ‘स्वच्छता पार्क- कबाड़ से जुगाड़’ का किया शुभारंभ
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने की इस अनूठी पहल की सराहना
छिन्दवाड़ा, (दुर्गेश डेहरिया)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने अपने दो दिवसीय छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान तामिया विकासखंड की ग्राम पंचायत छिंदी में स्वच्छता ही सेवा अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम अंतर्गत ‘स्वच्छता पार्क- कबाड़ से जुगाड़’ का शुभारंभ किया।
स्वच्छता पार्क: कबाड़ से जुगाड़ की रचनात्मक पहल- यह स्वच्छता पार्क अपनी विशिष्टता और रचनात्मकता के लिए जाना जाएगा, क्योंकि इसे कबाड़ से तैयार की गई सामग्री के माध्यम से सजाया और संवारा गया है। कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन और सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार के नेतृत्व में इस पार्क को विकसित किया गया है, जो स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनूठी पहल के रूप में उभरा है।
कबाड़ से जुगाड़ की अव्दितीयता- इस स्वच्छता पार्क की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहाँ अनुपयोगी मानी जाने वाली सामग्रियों को पुनः उपयोगी बनाकर आकर्षक सजावट के रूप में ढाला गया है। इससे न केवल बेकार वस्तुएं पुनः उपयोग में लाई जा रही हैं, बल्कि प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की दिशा में एक नई क्रांति की शुरुआत हो रही है।
राज्यपाल श्री पटेल ने की सराहना- राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने इस अनूठी पहल की सराहना की, जिसमें कबाड़ से तैयार की गई वस्तुओं को स्वच्छता और सजावट के रूप में उपयोग किया गया है। उन्होंने इस पहल को प्रदेश के लिए एक सकारात्मक उदाहरण बताया।
पार्क की संरचनाएं और सामग्री- पार्क का निर्माण पुरानी इमारतों और बेकार पड़ी सामग्रियों का इस्तेमाल करके किया गया है, जिनमें कवेलू, शीट, पाइप, लकड़ी, पुराने टायर, साइकिल, बांस और पीपे शामिल हैं। इन वस्तुओं को रचनात्मक ढंग से उपयोग में लाते हुए, पार्क को न केवल सजावटी बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी बनाया गया है।
पार्क की प्रमुख विशेषताएं-
- बाउंड्री वॉल – पुरानी लकड़ियों, बांस और कवेलू से रचनात्मक बाउंड्री वॉल तैयार की गई है।
- कुआं और बैठने की व्यवस्था – पुराने टायर, बांस और बैरल से कुआं, गमले और बैठने की जगहों का निर्माण किया गया है।
- पैदल पथ – ईंटों और कवेलू से सुंदर और सुसज्जित पैदल पथ का निर्माण किया गया है।
- सजावटी साइकिल – पुरानी साइकिलों को रंग कर पार्क में शो-पीस के रूप में सजाया गया है।
- आर्ट पीस – लोहे की सामग्रियों से कलात्मक ढंग से खूबसूरत कलाकृतियां बनाई गई हैं।
- बैठने की व्यवस्था – पुरानी बेंचों का पुनः उपयोग करके आरामदायक बैठने की जगहें तैयार की गई हैं।
पर्यावरण और स्वच्छता का संदेश- यह स्वच्छता पार्क पूरे प्रदेश के लिए एक प्रेरणा स्रोत के रूप में काम करेगा, जहाँ बेकार वस्तुओं के रचनात्मक उपयोग से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नए आयाम स्थापित किए गए हैं। ‘कबाड़ से जुगाड़’ की इस अवधारणा ने दिखाया है कि कैसे अनुपयोगी वस्तुओं को रचनात्मकता के साथ उपयोगी और आकर्षक बनाया जा सकता है।

इस विशेष अवसर पर सांसद विवेक बंटी साहू, अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह, कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह, सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री, म.प्र.भारिया विकास प्राधिकरण तामिया के अध्यक्ष दिनेश कुमार अंगारिया, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कांता ठाकुर, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण सुधीर कृषक और अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
