Chhindwara Samachar : अज्ञात कारणों से आग लगी, मकान खाक
पीड़ित आदिवासी को मदद के लिए सचिव ने उठाया कदम
जुन्नारदेव, (दुर्गेश डेहरिया)। जुन्नारदेव तहसील मुख्यालय से लगभग 50 कि.मी दूरस्थ ग्राम टेकाढाना के डेहरी गांव एक ग्रामीण का मकान आग लगने से जल गया। मिली जानकारी अनुसार ग्राम के फजल पिता धुधली दर्शमा का मकान जलकर राख हो गया गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। घर के सभी मेम्बर महुआ बिनने के लिए जंगल गए हुए थे। इस दौरान अज्ञात कारणों से घर में आग लग गई।
उक्त मकान बांस बल्ली व कवेलु से निर्मित होने के चलते चारों ओर आग की भयानक लपटों में गिर गया। ग्रीष्म ऋतु में आगजनी की घटनाएं बढ़ जाती ग्रामीण का घर ऊंचाई वाले स्थान पर होने के कारण तेज हवाएं चली जिससे आग ने विकराल रूप अख्तियार किया। जिससे घर के भीतर रखा हुआ अनाज मक्का, कोदों, कुटकी, चावल, कपड़े व जरूरी दस्तावेज सब जलकर खाक हो गया।

इस घटना की जानकारी जैसे ही ग्रामीण जनों को लगी तो चीख पुकार मच गई आसपास के लोगों ने आग बुझाने के लिए प्रयास किया। लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। ग्राम पंचायत टेकाढाना सचिव पंडरी कापसे ने जन सहयोग कर पीड़ित परिवार के लिए खाद्यान्न उपलब्ध कराया। इस अग्निकांड की जानकारी राजस्व विभाग को भी दे दी गई है।
इनका कहना हैं –
पटवारी को मौके पर भेज कर क्षतिपूर्ति मुआवजा हेतु प्रकरण तैयार करने के निर्देश दे दिए गए है।
राजीव नेमा, नायब तहसीलदार, दमुआ
