राष्ट्रीय राजमार्ग पर गहरे गड्ढे दे रहे मौत को दावत
शाहपुर, (आशीष राठौर)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरेठा चौराह के पास इन दिनों गहरे गड्ढे मौत को दावत दे रहे हैं। सड़क पर बने गड्ढे किसी भी समय दुर्घटना का सबब बन सकते हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरेठा पर जगह-जगह बने ये गड्ढे दिन प्रतिदिन विकराल रूप ले रहे हैं। इससे कई दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त भी हो चुके हैं।
खासबात यह है कि संबंधित विभाग इन गड्ढों को भरने की ही जहमत नहीं उठा रहा। ऐसे में यह कहना गलत नहीं कि विभागीय अधिकारियों को शायद इन गड्ढों से किसी हादसे का इंतजार है। बरेठा के पास बने इन गड्ढों से बड़े वाहनों के लिए भी समस्या बढ़ गई है। ऐसे में छोटे वाहनों के चालकों की परेशानी का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। संबंधित विभाग की ओर से इस तरफ ध्यान न दिए जाने से गड्ढों का आकार बढ़ता जा रहा है।
हाइवे पर गड्ढे होने से ज्यादा हो रही हैं दुर्घनाएं, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
हाइवे पर बारिश के चलते हुए गहरे गड्ढों रात के समय वाहन चालकों को ये गड्ढ़े दिखाई नहीं देते है, इसके चलते रात में ज्यादा दुर्घटनाएं हो रही हैं। वहीं गड्ढों के कारण कई दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। विभागीय उपेक्षा के कारण दिन प्रतिदिन खतरनाक रूप ले रहे हैं।

यह समस्या ऐसी भी नहीं कि विभागीय अधिकारियों का इस पर ध्यान न जाए, लेकिन जिस तरह इन गड्ढों का आकार बढ़ रहा है। उससे जहां हादसों की आशंका आए दिन प्रबल हो रही है, तो दूसरी ओर विभागीय लापरवाही साफ जाहिर हो रही है। इसमें सबसे ज्यादा गड्ढे बरेठा चौराहे से घाट के पास ज्यादा बने हुए हैं।
