Chhindwara Samachar : कांग्रेस ने अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने की मांग
जुन्नारदेव, (दुर्गेश डेहरिया)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुन्नारदेव के अध्यक्ष अरुण साहू ने राजस्व अधिकारियों को पत्र सौंपते हुए अवैध शराब के कारोबार पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है। पत्र में उल्लेख किया गया कि जुन्नारदेव के आसपास के गांवों में ठेकेदार द्वारा अवैध कुचियो के माध्यम से शराब की बिक्री खुलेआम हो रही है, जिससे क्षेत्र में अपराध और सामाजिक समस्याओं में वृद्धि हो रही है।
कांग्रेस का आरोप है कि ठेकों के माध्यम से शराब माफियाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो कि न केवल स्थानीय जनता के लिए हानिकारक है, बल्कि कानून व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री से महिलाएं और युवा सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।

यह चेतावनी दी गई है प्रशासन द्वारा 8-10 दिनों के भीतर अवैध शराब पर रोक नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस पार्टी विरोध प्रदर्शन करेगी। इस दौरान, जनता के सहयोग से व्यापक आंदोलन की भी संभावना व्यक्त की गई है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुन्नारदेव ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की अपेक्षा की है ताकि क्षेत्र को शराब माफियाओं से मुक्त किया जा सके।
