नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन का चंद्रयान-3 चंद्रमा मिशन आज 23 अगस्त की शाम 6.04 बजे सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंड हुआ। भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान को उतारने वाला पहला देश बनकर इतिहास रचा।
पीएम मोदी ने दी इसरो को बधाई
इस दौरान पीएम मोदी ने संबोधित करते हुए कहा कि मैं भले ही दक्षिण अफ्रीका में हूं लेकिन मेरा दिल हमेशा चंद्रयान मिशन के साथ है। इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग पर पीएम मोदी ने कहा, “कभी कहा जाता था चंदा मामा बहुत दूर के हैं, अब एक दिन वो भी आएगा जब बच्चे कहा करेंगे चंदा मामा बस एक टूर के हैं।” वही पीएम मोदी ने सभी को शुभकामनाएं प्रेषित की।

‘मैं अपनी मंजिल तक पहुंच गया और आप भी!’ – इसरो
चंद्रमा पर विक्रम लैंडर की सफल लैंडिंग के बाद भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने ट्वीट किया, “चंद्रयान-3 मिशन: ‘भारत, मैं अपनी मंजिल तक पहुंच गया और आप भी!’: चंद्रयान-3″। वही चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के बाद इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा, “भारत अब चंद्रमा पर है!”
