Shahpur News : 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन
शाहपुर, (आशीष राठौर)। नगर के हाटबाजार में रात रंगारंग आतिशबाजी और अनेक दिव्य अस्त्रों से युद्ध के बाद रावण के पुतले का दहन हुआ। इस मौके पर नगर में शोभायात्रा निकाली। भगवान राम, लक्ष्मण, माता जानकी, हनुमानजी वानर सेना के साथ निकले। दशहरा मैदान पहुंचकर वानर सेना और राक्षस सेना के बीच घमासान युद्ध हुआ। इस दौरान भगवान राम और रावण का भी युद्ध हुआ। रावण को तीर लगते ही श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के नारे लगाए।


इसी के साथ भगवान के अग्नि अस्त्र रावण की नाभी में लगा और वह धूं-धूंकर जलने लगा। दशहरा उत्सव समिति द्वारा इस बार 50 फीट ऊंचे रावण का निर्माण किया। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। करीब 20 मिनट में रावण का अहंकार जलकर राख हो गया। इसके पहले करीब एक घंटे तक जोरदार आतिशबाजी हुई।
