Betul Samachar : संघर्ष कर बेटी को काबिल बनाने पर मातृ शक्ति हुई सम्मानित
अटल सेना ने मनाया मातृ दिवस
बैतूल। पति के निधन के बाद पत्नी का संघर्ष करते हुए अपनी संतान को काबिल बनाना बहुत ही कठिन कार्य होता है। मां ही एक ऐसी शक्ति होती है जो बच्चे को जन्म भी दे सकती है और उसकी परवरिश कर उसे पैर पर खड़ा कर सकती है। अटल सेना बैतूल द्वारा श्रीमती सुगराती यादव को मातृ दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया।
इस संबंध में संस्था के प्रांताध्यक्ष राजेन्द्र सिंह चौहान (केन्डु बाबा) ने बताया कि सुगरती यादव के पति भैयालाल का निधन 11 वर्ष पूर्व और उनके पुत्र का देहांत 9 वर्ष पूर्व हो गया था। ऐसे में सुगरती यादव ने मजदूरी कर और माला बनाकर बेचते हुए कड़ी मेहनत कर अपनी बेटी शीतल को ग्रेजुएशन करवाया। आज सुगरती यादव की बेटी रेल्वे में पाईंटस मैन के पद पर कार्यरत है।

सुगरती यादव ने अपनी बेटी का विवाह एक अच्छे घर में करवाया वह आज सक्षम और सुखी है। उन्होने कहा कि सुगरती यादव की उम्र आज लगभग 70 वर्ष है परन्तु आज भी वह सक्रिय हैं और किसी पर आश्रित नहीं हैं। इस सम्मान समारोह में प्रभा यादव, शंकर चावरिया, विशाल चावरिया, छोटू सातनकर, लक्ष्मी खातरकर सहित वार्डवासी मौजूद थे।
