Betul Election News : बैतूल जिले में 80.90 प्रतिशत मतदान, 5 स्थानों पर बहिष्कार
बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी रहा। शाम 6 बजे तक 80.90% मतदान हुआ। इस बीच जिले के 5 स्थानों पर मतदाताओं ने चुनाव का बहिष्कार किया।
मतदाताओं ने स्थानीय समस्याओं के कारण नाराजगी व्यक्त की। जिले में 1581 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जिसमें 444 संवेदनशील है। वहीं, 10 आदर्श मतदान केंद्र हैं। जिले की 5 विधानसभा सीटों में इस बार कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। जबकि भैंसदेही सीट पर जयस भी दम दिखा रही है।
मतदान केंद्रों पर कनेक्टिविटी की समस्या
सूचना संचार क्रांति के बावजूद ग्रामीण इलाकों में मोबाइल की कनेक्टिविटी न होने से जिले के कई केंद्रों पर कनेक्टिविटी की समस्या है।
जिले में 81 मतदान केंद्र ऐसे हैं जहां मतदान दलों से संपर्क के लिए कोई साधन नहीं हैं। ये मतदान केंद्र आज भी नॉन कनेक्टिविटी वाले केंद्र बने हुए हैं। जहां किसी आपातकाल की स्थिति में कोई सम्पर्क का साधन नहीं है। हालांकि प्रशासन इसके लिए वायरलेस और जियो के साथ मिलकर कनेक्टिविटी सुधारने की कोशिश की है पर फिर भी करीब 81 केंद्रों पर रनर के जरिए सूचनाओं का आदान प्रदान किया जा रहा है।
46 हजार युवा मतदाता बढ़े
इस बार विधानसभा चुनाव में 46 हजार 743 युवा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जबकि 2 हजार 418 सर्विस वोटर मतदान करेंगे। इस विधानसभा चुनाव में पूरे जिले में 12 लाख 26 हजार 503 मतदाता के नाम मतदान सूची में शामिल किए गए हैं। इनमें 22 ट्रांसजेंडर मतदाता भी शामिल हैं।
घोड़ाडोंगरी विधानसभा में फर्जी मतदान की शिकायत
भयमुक्त और निष्पक्ष मतदान के लिए निर्वाचन आयोग के तमाम प्रयासों के बावजूद फर्जी मतदान की घटनाएं रुक नहीं रही हैं। इसकी बानगी बैतूल के घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में सामने आई है। अपना मतदान करने आए एक वृद्ध को इसलिए वापस लौटा दिया गया। क्योंकि उसका वोट पहले डाला जा चुका था। वृद्ध ने इसकी शिकायत पीठासीन अधिकारी से की है।
सभी मतदाताओं-कार्यकर्ताओ का आभार – हेमंत खण्डेलवाल
बैतूल विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी पूर्व सांसद-पूर्व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को हुए मतदान के लिए सभी मतदाताओ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र के महापर्व विधानसभा चुनाव में मतदाताओ ने अपने विधायक को चुनने के लिए जिस उत्साह से मतदान किया वह सराहनीय है।
भाजपा प्रत्याशी हेमंत खण्डेलवाल ने भाजपा के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओ का भी आभार जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओ ने रात-दिन मेहनत कर चुनाव में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। श्री खण्डेलवाल ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए निर्वाचन से संबंधित सभी अधिकारियो, कर्मचारियो सहित प्रशासन पुलिस के अधिकारियो, कर्मचारियो का भी आभार व्यक्त किया।
जिले में विधानसभावार कुल उम्मीदवार
मुलताई विधानसभा – 12 प्रत्याशी,आमला विधानसभा- 7 प्रत्याशी,बैतूल विधानसभा- 13 प्रत्याशी,घोड़ाडोंगरी विधानसभा- 9 प्रत्याशी,भैंसदेही विधानसभा- 8 प्रत्याशी
- कुल विधानसभा सीट 5
- पोलिंग केंद्र- 1581
- संवेदनशील केंद्र – 444
- पिंक मतदान केंद्र- 183
- आदर्श मतदान केंद्र-5
- यूथ मतदान केंद्र- 5
- जिले में कुल मतदाता- 12 लाख 23 हजार 506
- सबसे ज्यादा उम्मीदवार किस सीट पर – बैतूल में 13
- सबसे ज्यादा मतदाता वाली सीट भैंसदेही, जहां 2 लाख – 62 हजार 926 वोटर
- सबसे कम मतदाता वाली सीट आमला, 2 लाख 15 हजार 601
सारनी में आदर्श मतदान केंद्र आकर्षण का केंद्र बना
आमला-सारनी विधानसभा के नगरपालिका क्षेत्र सहित 97 बूथ पर शुक्रवार को मतदान होगा। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने शहरी क्षेत्र में चार आदर्श बूथ और एक यूथ बूथ बनाया है।
नगर के केंद्रीय विद्यालय में आदर्श मतदान केंद्र बनाया है। यहां पर सभी प्रकार की मतदाताओं को सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा पाथाखेड़ा बस स्टैंड, लिटिल फ्लावर स्कूल, वेकोलि ट्रेनिंग शाला और शोभापुर का कन्या स्कूल को आदर्श बूथ बनाया है। सारनी के सरस्वती स्कूल को यूथ बूथ मतदान केंद्र बनाया है।
यूथ मतदान केंद्र की खासियत ये है कि इस मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी से लेकर सभी मतदान अधिकारी, युवा टीम होगी, जो मतदाताओं से मतदान करवाएगी। इधर केंद्रीय विद्यालय को आदर्श मतदान केंद्र बनाया है। इसमें इस केंद्र को सतपुड़ा ताप विद्युत गृह की आकृति का रूप देकर आकर्षक साज सज्जा की है। यह आदर्श मतदान केंद्र लोगों के लिए आकर्षक बना हुआ है।











