Chhindwara Samachar : सर्वोदय अहिंसा का 42वां वर्ष – दिव्यांग बच्चों ने भेंट किए मिट्टी के दिये
पर्यावरण संरक्षण की जवाबदारी हम सबकी–कलेक्टर श्री सिंह
छिन्दवाड़ा, (दुर्गेश डेहरिया)। जीव रक्षा और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन द्वारा वर्ष 1982 से चलाए जा रहे सर्वोदय अहिंसा अभियान का इस वर्ष 42वां वर्ष है। इस अभियान के तहत हर वर्ष पटाखा रहित दीपावली मनाने का संकल्प लिया जाता है। फेडरेशन द्वारा बचाई गई राशि का उपयोग जनहित में विभिन्न सामाजिक कार्यों में किया जाता है।
दिव्यांग बच्चों ने भेंट किए मिट्टी के दीये- इस वर्ष फेडरेशन के मीडिया प्रभारी दीपक राज जैन और आधार फाउंडेशन के दिव्यांग बच्चों ने कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारियों को मिट्टी के दीये भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर पटाखों से होने वाले हानियों का संदेश देने वाले पोस्टर भी प्रस्तुत किए गए।
कलेक्टर श्री सिंह ने किया अभियान का सराहनीय स्वागत- कलेक्टर श्री सिंह ने दिव्यांग बच्चों द्वारा भेंट किए गए दीयों को आत्मीयता से स्वीकार किया और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सर्वोदय अहिंसा अभियान के पोस्टर का विमोचन करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
अधिकारियों ने किया दिव्यांग बच्चों का सम्मान- इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, एडीएम के.सी.बोपचे, एसडीएम सुधीर जैन सहित अन्य अधिकारियों ने भी दिव्यांग बच्चों को मिठाई खिलाकर शुभ दीपावली की बधाई दी और सर्वोदय अहिंसा अभियान की सराहना की।
जनहित के कार्यों में सदैव तत्पर- फेडरेशन के हजारों सदस्य हर वर्ष अहिंसा के प्रणेता भगवान महावीर के निर्वाण महोत्सव पर वृद्धाश्रमों और जरूरतमंदों के बीच खुशियां बांटते हैं। यह सदस्य दिव्यांग बच्चों और बुजुर्गों को आवश्यक सामग्री और मिठाई भेंट कर ‘जियो और जीने दो’ का संदेश देते हैं।

दिव्यांग बच्चों द्वारा तैयार आकर्षक दीयों की प्रदर्शनी- इस बार आधार फाउंडेशन के बच्चों ने रंग-बिरंगे मिट्टी के दीयों पर सुंदर पेंटिंग कर दीपावली का संदेश दिया। इन दीयों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें स्नेही स्वजनों ने बच्चों को प्रोत्साहन दिया और दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
