Fake Banking Apps: भूलकर भी मोबाइल में इंस्टॉल न करें ये फर्जी ऐप्स, सरकार ने यूजर्स को किया अलर्ट
हाल ही में, फर्जी बैंकिंग और ट्रेडिंग ऐप्स के जरिए धोखाधड़ी के मामलों में काफी तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इन धोखेबाज ऐप्स और साइबर धोखाधड़ी से यूजर्स को बचाने के लिए, भारत सरकार ने सख्त चेतावनी जारी की है। इस तरह के फर्जी ऐप्स की लिस्ट गृह मंत्रालय द्वारा संचालित साइबर सुरक्षा जागरूकता हैंडल “साइबर दोस्त” ने तैयार की है।
Fake Banking Apps : यूनियन बैंक का फर्जी ऐप
सरकार ने एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूजर्स को यूनियन बैंक का फर्जी ऐप इस्तेमाल करने से आगाह किया है। “Union-Rewards.apk” नाम का यह ऐप फर्जी है और यह असली यूनियन बैंक ऐप की नकल करता है। यह फर्जी ऐप यूजर्स को लुभाने के लिए उन्हें रिवॉर्ड देने का दावा करता है।
Fake Trading Apps: फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स
देश भर में कई फर्जी ट्रेडिंग ऐप्स के जरिए लाखों रुपये की धोखाधड़ी हो रही है। केंद्र सरकार ने विशेष रूप से iPhone यूजर्स को “ग्रुप-एस ऐप” नामक फर्जी स्टॉक ट्रेडिंग ऐप के बारे में चेतावनी दी है। यह धोखेबाज ऐप फर्जी ट्रेडिंग के जरिए धोखाधड़ी करता है।


इन फर्जी ऐप्स से रहें सावधान
- INSECG
- CHS-SES
- SAAI
- SEQUOIA
- GOOMI
ये सभी मोबाइल ऐप भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के अंतर्गत रजिस्टर्ड नहीं हैं। जो यूजर्स इन ऐप्स के जरिए किसी कंपनी के शेयर खरीदते हैं, वे धोखाधड़ी के शिकार हो सकते हैं। SEBI निवेशकों को सलाह देता है कि वे सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप्स, टेलीग्राम चैनल या ऐप्स के जरिए मिलने वाले मैसेजेज पर भरोसा न करें।
अपने आप को कैसे सुरक्षित रखें?
- केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ऐप डाउनलोड करें: एंड्रॉयड के लिए Google Play Store और iOS के लिए ऐप स्टोर।
- ऐप डेवलपर की जांच करें: सुनिश्चित करें कि ऐप उस कंपनी या संस्था द्वारा विकसित किया गया है जिसका दावा किया जाता है।
- यूजर रिव्यूज देखें: ऐप की वैधता का आकलन करने के लिए अन्य उपयोगकर्ताओं के रिव्यू पढ़ें।
- कभी भी संवेदनशील जानकारी साझा न करें: अपरिचित ऐप्स पर बैंक खाते का विवरण, पासवर्ड या अन्य संवेदनशील जानकारी दर्ज करने से बचें।
- संदिग्ध ऐप्स की रिपोर्ट करें: यदि आपको कोई संदिग्ध ऐप मिलता है, तो इसकी रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को करें।
