गर्मी में डिहाइड्रेशन की समस्या से हैं परेशान, तो इस तरीके से दूर करें पानी की कमी
मार्च महीना अभी खत्म भी नहीं हुआ है और गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। तेज धूप से लोग परेशान हैं। लोग धूप से बचने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन खानपान और रहन-सहन में बदलाव नहीं कर रहे हैं।
इलेक्ट्रोलाइट की कमी:
गर्मी बढ़ते ही लोग बिना सोचे समझे पानी पीने लगते हैं। भागदौड़ भरी जिंदगी में हम पानी की कमी को पूरा करने के लिए बोतल में पानी भरकर पीते रहते हैं, लेकिन प्लेन पानी पीने से पानी की कमी दूर नहीं होती है। पसीना और यूरिन के जरिए पानी के साथ इलेक्ट्रोलाइट भी कम होता है, जिसकी कमी केवल सादा पानी पीने से पूरी नहीं हो सकती है।
इलेक्ट्रोलाइट क्या है:
चिकित्सकों के मुताबिक, इलेक्ट्रोलाइट एक प्रकार के खनिज होते हैं जिनकी शरीर को काम करते रहने के लिए हमेशा जरूरत होती है। हमारा शरीर हमारे द्वारा खाए जाने वाले खाने और पानी से मिलकर इलेक्ट्रोलाइट्स बनाता है। यह इलेक्ट्रोलाइट्स पूरे शरीर में फैलकर शरीर के कार्यों के लिए इलेक्ट्रिक एनर्जी का उपयोग करते हैं। इसका काम होता है:
- शरीर में पानी के संतुलन को बनाए रखना
- कोशिकाओं में पोषक तत्व को पहुंचाना
- अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालना
- तंत्रिकाओं को सिग्नल भेजने में मदद करना
- मांसपेशियों को आराम देना
- मस्तिष्क और हृदय की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाए रखना
सोडियम, पोटैशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम, फास्फेट, क्लोराइड जैसे तत्व इलेक्ट्रोलाइट्स को व्यवस्थित रखने में सहायक माने जाते हैं।

इलेक्ट्रोलाइट की कमी के लक्षण:
यूरिन, पसीना, लूज मोशन, और उल्टी होने से पानी के साथ इलेक्ट्रोलाइट की कमी होती है। इसकी पूर्ति सादा पानी या कोल्ड ड्रिंक पीने से नहीं हो सकती है। इलेक्ट्रोलाइट की कमी से:
- कमजोरी महसूस करना
- चक्कर आना
- ब्लैक आउट होना
- मांसपेशियों में कमजोरी आना
- थकान होना
- सक्रियता कम होना
इलेक्ट्रोलाइट की कमी को कैसे पूरा करें:
- विशेषज्ञों के मुताबिक, तेज गर्मी में सादा पानी नहीं पीना चाहिए।
- रात में पानी के जार में नींबू, संतरा, मौसमी के टुकड़े या तुलसी और पुदीना के पत्तियां डाल दें।
- खड़ा धनिया, सौंफ, अजवाइन आदि को भी पानी में डालकर इस्तेमाल कर सकते हैं।
- ज्यूस, स्मूदी, पानी में नमक और चीनी का ओआरएस मिलाकर प्रयोग कर सकते हैं।
- बाहर होने की स्थिति में नारियल पानी बेहतर विकल्प हो सकता है।
घर पर ओआरएस कैसे बनाएं:
- एक लीटर पानी में चार चम्मच चीनी और चार चुटकी नमक मिलाकर ओआरएस तैयार कर सकते हैं।
- नींबू पानी, जलजीरा, आम का पना, पुदीना, छाछ का प्रयोग भी पानी के रुप में कर सकते हैं।
- ज्यूस में शक्कर के अलावा थोड़ा नमक भी मिला सकते हैं।
ग्लूकोज और इलेक्ट्राल का इस्तेमाल:
- ग्लूकोज और इलेक्ट्राल को लोग शौकिया रुप में भी खूब इस्तेमाल करते हैं।
- डाक्टर भी ग्लूकोज और इलेक्ट्राल की सलाह तभी देते हैं जब शरीर में डिहाइड्रेशन का अधिकतम लेवल पर हो।
- सामान्य तौर पर भी ग्लूकोज और इलेक्ट्राल का प्रयोग करने से जी मिचलाना, पेट दर्द आदि की समस्याएं हो सकती हैं।

